रामगढ़। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर बुधवार को जिला परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी के नेतृत्व में गोला-सिकिदरी फोरलेन पर विशेष अभियान चलाकर भारी और ओवरलोडेड वाहनों की जांच की गई।
इस दौरान ट्रक, ट्रेलर और डंपर जैसे भारी मालवाहक वाहनों की गहन जांच की गई। अभियान के दौरान कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल लेकर चलते पाए गए, जिन पर कुल ₹4,18,900 का जुर्माना लगाया गया।
ओवरलोडिंग बनी हादसों की बड़ी वजह, प्रशासन सख्त
जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग तिवारी ने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है, जिससे आम लोगों की जान को खतरा बढ़ जाता है और सड़कों व पुल-पुलियों को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने वाहन चालकों और मालिकों से अपील की कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें और नियमों का उल्लंघन न करें।
अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की गई और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया गया, वहां तत्काल कार्रवाई की गई। प्रशासन ने साफ किया है कि आगे भी इस तरह के सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।
इस कार्रवाई से जिले में यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

