बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक बार फिर जहरीली शराब के कहर की खबर है। मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत और गंभीर बीमारियों का सिलसिला जारी है। कथित जहरीली शराब कांड में चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इसके अलावा 6 लोगों की आंख की रोशनी जाने की बात सामने आ रही है।
इलाज के दौरान तीन और मौतें
बताया जा रहा है कि बीते बुधवार की रात 30-40 लोगों ने स्प्रिट से बनी शराब का सेवन किया था। जिसके बाद एक युवक की जहरीली शराब पीने से संदिग्ध मौत हो गई थी। साथ ही कई लोगों की तबियत बिगड़ गई थी। जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो चुकी है। आज सुबह तुरकौलिया थाना क्षेत्र के शंकर सरैया परसौना निवासी प्रमोद यादव, परीक्षण मांझी और हीरालाल महतो की मौत हो गई। उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
कई लोग चोरी-चुपके करा रहे इलाज
सूत्रों के अनुसार, अभी भी कई लोग ऐसे हैं जो जहरीली शराब पीने से बीमार हैं और चोरी-चुपके इलाज करा रहे हैं। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लोगों ने शराब समझकर स्प्रिट का सेवन कर लिया। सेवन के कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।
गांव में भय और आक्रोश का माहौल
घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब और स्प्रिट का कारोबार चल रहा है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में लागू शराबबंदी कानून और उसकी प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई रघुनाथपुर थाना की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि शराब बेचने वाले का पता चल गया है और दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

