कटिहार में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत पर बवाल, भीड़ ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के कटिहार जिले में शनिवार को उस वक्त बवाल मच गया जब पुलिस हिरासत में एक आरोपी युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद लोग आक्रोशित हो उठे और थाने पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस के साथ बी मारपीट की गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

बाइक चोरी के आरोपी की हिरासत में मौत

बताया जा रहा है कि फलका थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में लाए गए युवक राकेश यादव की हिरासत में ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी लहूलुहान

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने राकेश कुमार की थाने में बेरहमी से पिटाई की। इससे उसकी मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने फलका चौक को जाम कर आगजनी कर प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़-खदेड़ कर पीटा। इस हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी लहूलुहान हो गए। इसके बाद उग्र भीड़ थाने में घुस गई और वहां भी जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान एक पुलिस कर्मी की राइफल भी छीन ली।

आत्महत्या के प्रयास में जख्मी हुआ था युवक

कटिहार के कोढ़ा डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि युवक ने हिरासत में गमछा से आत्महत्या की कोशिश की थी। हालत बिगड़ने पर पुलिस उसे आनन-फानन में फलका सामुदायिक स्वास्थ केंद्र ले गई। जहां उसकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी रवि कुमार राय ससपेंड

इस मामले में कटिहार एसपी ने थानाध्यक्ष रवि कुमार राय और अनुसंधानकर्ता कुंदन कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सरकारी राइफल छीनने वाली की तलाश की जा रही है।

Share This Article