बिहार से बेंगलुरु का सफर अब और भी आसान हो गया है। दरभंगा और बेंगलुरु के बीच सीधी हवाई सेवा का इंतजार रविवार को खत्म हो गया। अकासा एयर की ओर से इस रूट पर अपनी सीधी फ्लाइट सेवा शुरू की गई है। पहले दिन दोनों ओर से विमान की सीटें फुल रहीं।
दो घंटे 35 मिनट का आसान सफर
बेंगलुरु से विमान ने 9:40 में दरभंगा के लिए उड़ान भरी। हवाई मार्ग पर दो घंटे 35 मिनट गुजारकर 12:15 में दरभंगा एयरपोर्ट पर लैंडिंग हुई। रनवे पर वाटर कैनन से फुहार छोड़कर विमान का स्वागत किया गया। विमान के अंदर बैठे यात्रियों को गुलाब और चाकलेट देकर खुशियां बांटी गई।इसके बाद सांसद सह दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन डा. गोपालजी ठाकुर ने एयरपोर्ट पर यात्रियों को बोर्डिंग पास देकर बेंगलुरु के लिए विदा किया।
मिथिला में यात्रा-व्यापार और अवसरों को मिलेगा बढ़ावा
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने दरभंगा और बेंगलुरु के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने पर कहा, अकासा एयर की पहली उड़ान आज रवाना हुई। इस महत्वपूर्ण कदम के लिए क्षेत्र की जनता और नागरिक उड्डयन मंत्रालय को बधाई। संजय कुमार झा ने कहा कि इससे मिथिला में यात्रा, व्यापार और अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। यह एक स्वागत योग्य कदम है।
समय की होगी बचत
दरभंगा से बेंगलुरु की सीधी हवाई सेवा शुरू होने से अब यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और उनके समय की भी बचत होगी। अकासा एयरलाइन के अनुसार यह उड़ान सप्ताह में सातों दिन संचालित होगी। फ्लाइट सुबह 9:40 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर 12:15 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान 12:50 बजे दरभंगा से बेंगलुरु के लिए रवाना होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी, क्योंकि पिछले कुछ समय से लोगों को सीधी उड़ान न होने के कारण परेशानी उठानी पड़ रही थी।

