बिहार की राजधानी पटना के दानापुर जिले में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की घटना को अंजाम दिया गया। पटना के खगौल इलाके में अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी ठगी की वारदात को अंजाम दिया। शनिवार को खगौल लख के पास लुटेरों ने सोना कारोबारी सुनील भाई के स्टाफ से 15 किलो सोने के गहने लूट लिए। लूटे गए सोने की अनुमानित बाजार कीमत 22 करोड़ से ज्यादा की बताई जा रही है।
सफेद शर्ट और खाकी पैंट में थे बदमाश
पुलिस की लोगो वाली कार और 2 बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताया। वे सफेद शर्ट और खाकी पैंट में थे, जिससे वे पूरी तरह असली अधिकारी जैसे लग रहे थे। इसके बाद बदमाशों ने जांच के बहाने 3 बैग अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान व्यापारी महेश मामतोरा को जबरन कार में बिठाकर कुछ दूरी तक ले जाया गया और नौबतपुर रोड स्थित फौजी ढाबे के पास छोड़ दिया गया, जबकि दूसरे व्यापारी मौके पर ही छोड़ दिया था।
बैग में छिपे जीपीएस की भी थी जानकारी
शातिर बदमाशों ने न केवल फर्जी ‘कस्टम अधिकारी’ बनकर वारदात को अंजाम दिया, बल्कि उन्हें बैग में छिपे जीपीएस की भी सटीक जानकारी थी। पकड़े जाने के डर से लुटेरों ने गहने मिलते ही सबसे पहले जीपीएस उखाड़कर फेंक दिया, ताकि पुलिस उनकी लोकेशन ट्रेस न कर सके।
गुजरात से लाए जा रहे 15 किलो सोने की लूट
जानकारी के अनुसार गुजरात के राजकोट से आए दो स्वर्ण व्यवसायी अहमदाबाद–सहरसा एक्सप्रेस से दानापुर स्टेशन पहुंचे थे। उनके पास करीब 15 किलो सोना था। जिसे लेकर वे पटना के बाकरगंज जा रहे थे। स्टेशन से बाहर निकलने के बाद वे ऑटो में सवार होकर गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे, तभी खगौल थाना क्षेत्र के आरओबी के पास पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें रोक लिया।
लुटेरों ने 5 दिनों तक रेकी की थी
दानापुर स्टेशन से बाकरगंज जा रहे स्टाफ महेश मामतोरा और प्रिंस रामपरिया की लुटेरों ने 5 दिनों तक रेकी की थी। कारोबारी सुनील भाई रविवार को पटना पहुंचे और खगौल थाने में पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लूटे गए गहने पूरी तरह वैध थे, जिन्हें पटना के आभूषण कारोबारियों को सप्लाई किया जाना था।
एसआईटी गठित की गई
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही खगौल थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने घटना स्थल से वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की कार बरामद कर ली है। साथ ही 1 बाइक और लूटे गए बैग को भी बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दानापुर एसडीपीओ-1 शिवम धाकड़ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है, जिसमें एसटीएफ और स्पेशल टीम को भी लगाया गया है।

