बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। राजधानी में सोमवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना हुई है। गोपालपुर थानाक्षेत्र में सोमवार को अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
ओम प्रकाश यादव के साथ एक समर्थक भी जख्मी
होटल कारोबारी और राष्ट्रीय सदाबहार पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव पर हमला हुआ। बादशाही पईन के समीप ओम प्रकाश यादव को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस जानलेवा हमले में ओम प्रकाश यादव और उनके साथ मौजूद एक समर्थक को गोली लगी है।
घात लगाकर बैठे थे हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही ओम प्रकाश यादव वहां पहुंचे, अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। कई राउंड गोलियां चलाई गईं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला। दोनों को तेजी से अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है
हमले के पीछे जमीन विवाद की आशंका
शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार इस पूरी घटना के पीछे लंबे समय से चला आ रहा कोई गंभीर जमीनी विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

