पटना में नशे की बड़ी खेप बरामद, चेन्नई से आई 50 लाख की प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त

Neelam
By Neelam
4 Min Read

पटना में अवैध नशे के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच नशे के सौदागरों ने अब प्रतिबंधित दवाओं को अपना हथियार बना लिया है। पटना पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कोडीनयुक्त कफ सिरप की एक विशाल खेप पकड़ी है। पुलिस ने मौके से करीब 30 हजार बोतलें जब्त की हैं, जिनका बाजार मूल्य लाखों में आंका जा रहा है।

कोडिन युक्त प्रतिबंधित अवैध कफ सिरप को जब्त

चेन्नई से एक विशाल कंटेनर में भरकर लाई गई इस खेप को पटना के जकरियापुर स्थित अन्नपूर्णा गोदाम में उतारा जाना था। मद्य निषेध टीम को 5 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक कंटेनर के जरिए कोडीन युक्त सिरप की अवैध खेप पहुंचाई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए विशेष टीम बनाकर संदिग्ध स्थान पर छापा मारा।

30 हजार बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप किया जब्त

गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में एक कंटेनर से भारी मात्रा में कोडिन युक्त प्रतिबंधित अवैध कफ सिरप को जब्त किया है। पुलिस ने यहां से 200 कार्टन में रखे 30 हजार बोतल कोडिन युक्त ‘एस कॉफ’ नाम के कफ सिरप (लगभग 3000 लीटर) बरामद किया है। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है।

यूपी का युवक गिरफ्तार

बाजार में इसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी मोहम्मद जमशेद को गिरफ्तार किया है, जो इस खेप को चेन्नई से लेकर पटना पहुंचा था।

हिमाचल में प्रोडक्शन और चेन्नई से बुकिंग

पटना पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दवाओं का निर्माण हिमाचल प्रदेश में किया गया था, लेकिन इसकी बुकिंग चेन्नई से कराई गई थी। पुलिस ने उस व्यक्ति की पहचान कर ली है जिसके नाम पर ये बुकिंग की गई थी। सिटी एसपी परिचय कुमार के अनुसार, यह खेप अन्नपूर्णा गोदाम में रखी जानी थी और वहां से इसे बिहार के विभिन्न जिलों में सप्लाई करने की योजना थी।

औषधि नियंत्रण प्रशासन को सौंपी गई जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस ने औषधि नियंत्रण प्रशासन को भी शामिल किया है। अधिकारियों का मानना है कि इन दवाओं की बिक्री बिना डॉक्टर के पर्चे के और अवैध गोदामों के जरिए की जा रही थी। अब विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं चेन्नई से बिहार तक बिना किसी वैध दस्तावेज के कैसे पहुंच गईं।

क्या है कोडीन और क्यों है ये स्वास्थ्य के लिए घातक?

कोडीनयुक्त सिरप का उपयोग गंभीर सूखी खांसी के इलाज के लिए किया जाता है, लेकिन इसमें मौजूद नशीले तत्वों के कारण इसका दुरुपयोग बढ़ गया है। इसमें ‘कोडीन’ और ‘क्लोरफेनिरामाइन’ जैसे तत्व होते हैं जो मस्तिष्क पर सीधा असर डालते हैं। इसका अधिक सेवन चक्कर आना, सांस लेने में तकलीफ, अत्यधिक नींद और कब्ज जैसी समस्याएं पैदा करता है। नशे के आदी लोग इसे शराब के विकल्प के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है।

Share This Article