पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बंगाल तक पहुंचने की धमकी दी। जिसका भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान बंगाल पर नजर डालेगा, तो भगवान ही जाने कि इस बार पाकिस्तान कितने हिस्सों में बंट जाएगा। राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि वे 55 साल पहले के अंजाम को न भूलें जब पाकिस्तान दो हिस्सों में बंट गया था।
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेताया
पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री को ऐसा उकसाने वाला बयान नहीं देना चाहिए था। 55 साल पहले उन्होंने जब गलती की थी, तो पाकिस्तान दो हिस्सों में बंट गया था। अगर इस बार वे बंगाल पर नजर डालने की कोशिश करेंगे, तो भगवान ही जानते हैं कि पाकिस्तान इस बार कितने हिस्सों में बंटेगा।
1971 भारत पाकिस्तान युद्ध की दिलाई याद
राजनाथ सिंह ने अपने बयान में 1971 भारत पाकिस्तान युद्ध का जिक्र करते हुए पाकिस्तान को इतिहास याद दिलाया। उन्होंने कहा कि 55 साल पहले पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा था, जब उसका विभाजन हुआ और बांग्लादेश का गठन हुआ। सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान ने फिर से बंगाल की ओर नजर उठाई, तो इस बार परिणाम और भी गंभीर हो सकते हैं।
अभिषेक बनर्जी को भी दिया करारा जवाब
चुनावी रैली के दौरान राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के साथ-साथ तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी को भी करारा जवाब दिया। अभिषेक बनर्जी ने सवाल उठाया था कि पाकिस्तानी धमकी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप क्यों हैं। इस पर पलटवार करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश का रक्षा मंत्री होने के नाते वह खुद इस मुद्दे पर अपनी बात रख रहे हैं और यह जरूरी नहीं कि हर बात पर प्रधानमंत्री ही बोलें। रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत की सुरक्षा और रक्षा मामलों पर सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट है।
क्या है ख्वाजा आसिफ का बयान
दरअसल, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में भारत को लेकर एक विवादित बयान दिया था। शनिवार को सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि भारत किसी फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर भारत इस बार फॉल्स फ्लैग करने की कोशिश करता है, तो इंशाअल्लाह हम उसका जवाब कोलकाता तक ले जाएंगे।

