मोकामा में डबल मर्डर, जमीन विवाद में मां-बेटे की हत्या

Neelam
By Neelam
2 Min Read

मोकामा में जमीन विवाद में मां-बेटे की जान चली गई। शाहबेगपुर (वार्ड नंबर 22) में मंगलवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महज 4 कट्ठा जमीन को लेकर दो सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए, जिसके बाद लाठी-डंडे और ईंट-कुदाल से हमला किया गया। इस खौफनाक हमले में मां और बेटे की मौत हो गई।

जमीन विवाद में गई जान

दो परिवारों के बीच चल रहा जमीन विवाद सोमवार को यह विवाद तब हिंसक हो गया जब फसल की कटाई को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी, डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कुदाल से जानलेवा वार कर दिया।

घात लगाकर भाई के परिवार पर हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजय यादव अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ फसल काटकर लौट रहे थे, तभी अपने बेटों के साथ घर के पास घात लगाकर बैठे विजय यादव ने हमला कर दिया। छत से ईंट-पत्थर बरसाए गए और कुदाल से बेरहमी से वार किए गए। अचानक हुए हमले में किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।

मारपीट में मां-बेटे की मौत

हमले के दौरान कुदाल से राजीव यादव पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। मौके पर मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही और काफी देर तक घायल युवक जमीन पर पड़ा तड़पता रहा, लेकिन किसी ने उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे अस्पताल पहुँचाया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण राजीव की जान नहीं बचाई जा सकी। बाद में इलाज के दौरान उसकी मां मंजू देवी ने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में विजय यादव, उनके बेटे विवेक कुमार और पत्नी मंजू देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पटना ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जबकि एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। इलाके में घटना के बाद शोक और तनाव का माहौल है।

Share This Article