पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन दाखिल किया तो समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नारे, जोश और उत्साह के बीच ममता ने जनता का अभिवादन किया और अपनी सियासी जड़ों को याद किया। इस दौरान उन्होंने पूरे भरोसे के साथ कहा कि तृणमूल कांग्रेस फिर से सरकार बनाएगी और बीजेपी अपने मिशन में फेल होगी।
टीएमसी की सरकार बनाने का दावा
नामांकन से पहले उन्होंने अपने कालीघाट आवास से कोलकाता के अलीपुर सर्वे बिल्डिंग तक रोड मार्च निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं से घिरीं ममता बनर्जी करीब 800 मीटर तक पैदल चलीं और हाथ जोड़कर अभिवादन किया । इसके बाद उन्होंने संक्षिप्त भाषण में भबानीपुर विधानसभा के धार्मिक समीकरणों का ख्याल रखा। सलाम, जय जिनेंद्र, सत श्री अकाल से अपनी बात की शुरुआत की और चौथी बार बंगाल में टीएमसी की सरकार बनाने का दावा किया।
जरूरत हुई तो अदालत का दरवाजा खटखटाएंगी-ममता बनर्जी
वहीं नामांकन फाइल करने के बाद उन्होंने SIR पर हमला बोला। ममता बनर्जी ने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नामों को हटाए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि “यह सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन है और अगर जरूरी हुआ तो वे फिर से अदालत का दरवाजा खटखटाएंगी।”
बिना वजह नाम काटना सही नहीं- ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा, “मुझे बेहद दुख है कि एसआईआर में कई नाम हटा दिए गए हैं। अदालत में याचिका दायर करने के बाद कुछ नाम बहाल किए गए। आदेश के अनुसार, जिन मामलों पर सुनवाई चल रही थी, उन्हें शामिल किया जाना था। लगभग 32 लाख नाम बहाल किए जा चुके हैं, लेकिन शेष 58 लाख मामलों की सुनवाई अभी तक शुरू भी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि डुप्लीकेट या मृत वोटरों के नाम हटाए जाने चाहिए, लेकिन बिना वजह नाम काटना सही नहीं है।”
विचाराधीन वोटरों को मिले वोटिंग राइट- ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा कि 27 लाख से अधिक ऐसे वोटर हैं जो विचाराधीन हैं और अभी तक उनके नाम वोटर लिस्ट में नहीं जोड़े गए हैं। उनका मानना है कि इन लोगों को वोट देने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने बताया, ”सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा है कि विचाराधीन लोग असली वोटर हैं। जिन लोगों के नाम अभी भी नहीं जुड़ पाए हैं, वे ट्रिब्यूनल में अपील करेंगे। प्रक्रिया को रोककर रखने का क्या फायदा? हम जरूरी कदम उठाएंगे।” ममता बनर्जी ने साफ किया कि उनकी पार्टी इस मामले में पूरी तरह सक्रिय है और वोटरों के अधिकारों के लिए लड़ती रहेगी।
ममता बनर्जी के सामने सुवेंदु अधिकारी
ममता बनर्जी भबानीपुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं, जहां उनका मुकाबला एक बार फिर बीजेपी नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से होगा। सुवेंदु अधिकारी ने 2021 के पश्चिम बंगाल चुनावों में नंदीग्राम से भी ममता को चुनौती दी थी, जहां उन्होंने 1,956 वोटों से जीत हासिल की थी। अपनी हार के बाद, टीएमसी प्रमुख ने भवानीपुर से उपचुनाव लड़ा, क्योंकि विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने उस सीट से इस्तीफा दे दिया था।

