असम में हिमंता बिस्वा सरमा आज दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार का राज्य में लगातार तीसरा कार्यकाल होगा। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य पूर्वाह्न 11 बजकर 40 मिनट पर शर्मा और नए मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
गुवाहाटी के खानपारा में शपथ ग्रहण समारोह
गुवाहाटी के खानपारा पशु चिकित्सा महाविद्यालय के मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों लोगों के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है और विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों के लिए अलग-अलग मंच भी बनाए गए हैं। हमंता के शपथ ग्रहण में पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।
चार मंत्री भी लेंगे हिमंता के साथ शपथ
हिमंता सरमा के लाथ चार और विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसकी जानकारी खुद हिमंता ने दी। सरमा ने कहा, यह घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है कि मेरे चार सहयोगी कल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की उपस्थिति में मेरे साथ मंत्री पद की शपथ लेंगे – श्री रामेश्वर तेली, श्री अतुल बोरा, श्री चरण बोरो और श्रीमती अजंता नेओग। नहीं, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रणजीत कुमार दास राज्य विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार होंगे, हिमंता सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।
सम्राट चौधरी और नितिन नवीन ने कामाख्या मंदिर पहुंचे
शपथ ग्रहण में शामिल होंने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुवाहाटी पहुंच चुके हैं। सम्राट चौधरी यहां मां कामाख्या मंदिर पहुंचे और उन्होंने वहां पूजा-अर्चना की। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी अपने परिवार के साथ मां कामाख्या मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।
एनडीए ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की
एनडीए में भाजपा, असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) शामिल हैं। गठबंधन ने 126 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीट पर जीत दर्ज की। भाजपा ने अकेले 82 सीट जीतकर राज्य में पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया, जबकि अगप और बीपीएफ को 10-10 सीट मिलीं।

