असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। असम की 126 विधानसभा सीटों पर वोटिंग है। केरल में 140 विधानसभा सीटों पर वोटिंग है। पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। यानी 2 राज्यों एवं एक केंद्र शासित प्रदेश के कुल 296 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को वोट डाले जा रहे हैं।तीनों राज्यों में अलग-अलग पोलिंग बूथों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई है।
पीएम मोदी की असम के लोगों से खास अपील
पीएम मोदी ने असम के लोगों से भी खास अपील की है। आज असम की 126 विधानसभा पर वोट डाले जा रहे हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, ‘2026 के असम विधानसभा चुनावों के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू होने के संदर्भ में, मैंने असम की जनता से बड़ी संख्या में बाहर आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। मुझे उम्मीद है कि राज्य के युवा, पुरुष और महिला मतदाता पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लेंगे और इस चुनाव को लोकतंत्र तथा नागरिक कर्तव्य के एक उत्सव में बदल देंगे।’
पुडुचेरी के मतदाताओं से पीएम मोदी की अपील
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सीटों पर वोटिंग हो रही है। पीएम मोदी ने पुडुचेरी के लोगों से खास अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, ‘जैसे ही पुडुचेरी विधानसभा चुनाव शुरू हो रहे हैं, मैं हर मतदाता से आग्रह करता हूं कि वे बाहर निकलें और रिकॉर्ड संख्या में मतदान में हिस्सा लें। मैं विशेष रूप से हमारे युवाओं और महिला मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे लोकतंत्र की प्रक्रिया को मजबूत करें। पुडुचेरी के भविष्य को संवारने में हर एक वोट मायने रखता है।’
केरल के मतदाताओं के लिए क्या बोले पीएम मोदी
केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। इस बीच पीएम मोदी ने केरल के लोगों से खास अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, ‘मैं केरल के लोगों से 2026 के विधानसभा चुनावों में बड़ी संख्या में मतदान करने का आह्वान करता हूं। रिकॉर्ड भागीदारी केरल की लोकतांत्रिक भावना को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी। मैं विशेष रूप से राज्य के युवाओं और महिलाओं से आग्रह करता हूं कि वे आगे आएं और बड़ी संख्या में मतदान करें।’
केरल में अब तक 4.40 प्रतिशत हुआ मतदान
केरल विधानसभा चुनाव के तहत मतदान की शुरुआत के साथ ही शुरुआती घंटों में वोटिंग की रफ्तार धीमी रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक कुल 4.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही धीरे-धीरे बढ़ रही है और चुनाव अधिकारियों को उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में तेजी आएगी।

