धनबाद मंडल में अधीनस्थ रेल कर्मचारियों के लिए नवनिर्मित आधुनिक विश्रामगृह का विधिवत उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र की उपस्थिति में किया गया। यह विश्रामगृह रांगाटाड़ स्थित रेल अधिकारी विश्रामगृह के समीप बनाया गया है, जिससे इसकी पहुंच आसान और उपयोगिता अधिक प्रभावी हो गई है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह विश्रामगृह कर्मचारियों के कल्याण और सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे न सिर्फ धनबाद मंडल बल्कि अन्य मंडलों से आने वाले रेल कर्मचारियों को भी सुरक्षित और आरामदायक ठहरने की बेहतर व्यवस्था मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की सुविधाएं कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण विश्राम देने के साथ उनके कार्य निष्पादन की क्षमता और मनोबल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
नव-निर्मित विश्रामगृह में स्वच्छता, सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि कर्मचारियों को घर जैसा सुखद वातावरण मिल सके। इस विश्रामगृह में चार कमरों में कुल आठ बेड, दो किचन और डाइनिंग स्पेस की भी व्यवस्था की गई है।

