इंडियन आइडल 16 में छाए धनबाद के अभिषेक: पानीपुरी बेचने वाले के बेटे का कमाल, 12 साल की मेहनत के बाद अब ट्रॉफी पर नजर

KK Sagar
2 Min Read

सिंगिंग रियलिटी शो Indian Idol का सीजन 16 अब अपने आखिरी पड़ाव पर है और फिनाले को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 4 अप्रैल को शो का 50वां एपिसोड प्रसारित हुआ, जिसके बाद मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

फिनाले में अमृता राजन, ज्योतिर्मयी नायक, मनराज वीर, तनिष्क शुक्ला, अभिषेक कुमार और अंशिका चोंकर के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। इनमें झारखंड के धनबाद के रहने वाले अभिषेक कुमार को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

अभिषेक की कहानी संघर्ष से भरी हुई है। उन्होंने लगातार 12 साल तक हर साल ऑडिशन दिया, लेकिन हर बार उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने सपने को जिंदा रखा। आखिरकार 2025 में उनकी मेहनत सफल हुई और उन्हें शो में जगह मिली।

महज साढ़े तीन साल की उम्र से ही संगीत में रुचि रखने वाले अभिषेक ने अपने मामा पंकज सांवरिया और अन्य गुरुओं से शास्त्रीय संगीत सीखा। उनकी गायकी ने जज Shreya Ghoshal, Vishal Dadlani और Badshah को भी खासा प्रभावित किया है।

साधारण परिवार से आने वाले अभिषेक के पिता धनबाद में पानीपूरी का ठेला लगाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अभिषेक ने अपने हौसले और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

अब फिनाले में सबकी नजरें अभिषेक पर टिकी हैं। अगर वह जीत हासिल करते हैं, तो यह सिर्फ उनकी नहीं बल्कि हर उस इंसान की जीत होगी जो बार-बार असफल होने के बाद भी हार नहीं मानता।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....