‘बिहार की तो बहुत बड़ी मुक्ति हो गई’, नीतीश कुमार के दिल्ली जाने पर कांग्रेस नेता मीरा कुमार का तंज

Neelam
By Neelam
3 Min Read

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब बिहार के बदले दिल्ली की सियासत करते दिखेंगे। राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद नीतीश कुमार बिहार छोड़ रहे हैं। आने वाले दिनों में वह सीएम पद से इस्तीफा देने वाले हैं। नीतीश के इस फैसले को विपक्ष जवाब की राजनीति बता रहे हैं। अब नीतीश कुमार के इस फैसले पर कांग्रेस नेता मीरा कुमार ने अजीबो-गरीब बयान दिया है।

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को बताया मामूली बात

कांग्रेस नेता मीरा कुमार से दिल्ली में पत्रकारों ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर बातचीत की। पत्रकारों ने कहा कि- नीतीश बिहार से दिल्ली शिफ्ट हो रहे हैं। उन्होंने राज्यसभा की शपथ ली है। इस पर मीरा कुमार ने कहा, ‘बहुत मामूली सी बात है। बहुत लोग शपथ लेते हैं। इस पर क्या कहें।’ जब पत्रकारों ने कहा कि जिस तरह से वे (नीतीश कुमार) बिहार छोड़कर आ रहे हैं, अब दिल्ली रहेंगे। इतना सुनते ही उन्होंने जवाब दिया-‘बिहार की तो बहुत बड़ी मुक्ति हो गई।’

बीजेपी बोली- वास्तविकता से परे टिप्पणी

मीरा कुमार के बयान पर बीजेपी ने प्रतिक्रिया दी है। बिहार बीजेपी के प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी वास्तविकता से परे है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास देखा है। बीजेपी प्रवक्ता ने दो टूक शब्दों में कहा कि “मुक्ति” जैसे शब्दों का प्रयोग करना न तो लोकतंत्र की मर्यादा के अनुकूल है और न ही यह उन करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान है जिन्होंने नीतीश कुमार की नीतियों पर भरोसा जताया है।

जेडीयू ने दिया तीखा जवाब

वहीं, जेडीयू की प्रवक्ता अंजुम आरा ने मीरा कुमार के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि बिहार की जनता को बरसों पहले कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति मिल चुकी है और अब जनता कांग्रेस को पूरी तरह नकार चुकी है। जेडीयू का दावा है कि नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के फैसले से बिहार की जनता दुखी और भावुक है, क्योंकि उन्होंने राज्य को अंधकार से निकालकर विकास की राह पर खड़ा किया है। जेडीयू ने मीरा कुमार के बयान को हताशा का प्रतीक बताया और कहा कि नीतीश कुमार की राष्ट्रीय राजनीति में भूमिका बिहार के लिए गौरव की बात है।

नीतीश के “सुशासन पर बड़ा सवाल

दरअसल, मीरा कुमार के बयान ने बिहार के राजनीतिक भविष्य और नीतीश कुमार के पिछले दो दशकों के शासनकाल पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। कांग्रेस नेता के इस तीखे प्रहार को सीधे तौर पर नीतीश कुमार के सुशासन के दावों पर चोट के रूप में देखा जा रहा है।

Share This Article