धू-धू कर जला चिप्स गोदाम, रिहायशी इलाके में मची अफरातफरी, दमकल की 5 गाड़ियों ने टाला बड़ा हादसा

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शनिवार की दोपहर सुंदरनगर थाना क्षेत्र के हाता रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चिप्स गोदाम में भीषण आग लग गई। ‘सौरभ इंटरप्राइजेज’ नामक इस गोदाम से उठती आग की लपटों और काले धुएं के गुबार ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।

शॉर्ट सर्किट बना काल
​कृष्णा ढाबा के पास स्थित इस गोदाम में आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम में चिप्स के पैकेट और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे उस पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन: छत और गेट काटकर अंदर घुसे दमकलकर्मी
​घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जांबाज दमकलकर्मियों ने गोदाम का मुख्य गेट और छत काटकर अंदर प्रवेश किया। भीतर फंसे धुएं और लपटों पर सीधा प्रहार किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को आसपास के रिहायशी घरों तक फैलने से रोका। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना घनी आबादी होने के कारण नुकसान काफी ज्यादा हो सकता था।

लाखों का नुकसान, जांच जारी
​सुंदरनगर पुलिस भी मौके पर तैनात रही और भीड़ को नियंत्रित किया। गोदाम मालिक के मुताबिक इस अग्निकांड में लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया है। हालांकि, नुकसान का सटीक आकलन अभी किया जाना बाकी है। पुलिस फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

Share This Article