डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : 12 अप्रैल (रविवार) को आयोजित होने वाली झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा के सफल व कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सभी प्रतिनियुक्त सेंटर ऑब्जर्वर्स के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को उनके दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी व सतर्कता के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर समय पर तैयारी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित प्राप्ति व वितरण, परीक्षार्थियों के प्रवेश की सुव्यवस्थित व्यवस्था और निर्धारित समयानुसार परीक्षा संचालन सुनिश्चित करना केंद्राधीक्षकों की प्रमुख जिम्मेदारी है।
उपायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रत्येक केंद्र पर परीक्षार्थियों का सघन Frisking, बायोमेट्रिक उपस्थिति व प्रवेश प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा कक्ष में किसी भी तरह के प्रतिबंधित सामग्री का प्रवेश न हो। उन्होंने कहा कि केंद्राधीक्षक परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखें और किसी भी तरह की अनियमितता या समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करें। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को पूर्णतः कदाचारमुक्त, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे।

