बिहार में आज से ‘सम्राट युग’ की शुरुआत हो गई। करीब 20 साल राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता सम्राट चौधरी अब सूबे की कमान संभालेंगे। बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी आज शपथ लेंगे।
सम्राट के साथ सिर्फ दो नेता का शपथ
सम्राट के साथ सिर्फ दो नेता ही शपथ लेंगे। लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन सीएम सम्राट चौधरी के साथ जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाएंगे।
शपथ को लेकर लोकभवन पूरी तरह तैयार
सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण को लेकर लोकभवन में इसकी सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है। सुबह में 10.50 बजे का समय है। इसे लेकर लोकभवन के आसपास सुरक्षा चाक-चौबंद कर दिया गया है। उस सड़क आम-आदमी का आवाजाही रोक दी गई है, सिर्फ मीडिया वालों को परमिशन है।
शपथ ग्रहण समारोह में दिग्गज नेताओं का जमावड़ा
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा और एनडीए के कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी रहेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शामिल होंगे। जेडीयू से संजय झा, ललन सिंह, जीतन राम मांझी और चिराग पासवान भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा आरएलएम अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की भी उपस्थिति रहेगी, जिससे समारोह का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है।
नीतीश ने मखाना की माला पहनाकर अपनी विरासत सौंपी
पहले भाजपा फिर एनडीए की विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से सम्राट के नाम पर मुहर लगी। पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने उन्हें मखाना की माला पहनाकर अपनी विरासत सौंपी। सर्वसम्मति से नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया।
जदयू कोटे से दो डिप्टी सीएम
2020 में जब नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी तो भाजपा ने दो डिप्टी सीएम दिए। इसमें रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद को मौका मिला। इसके बाद दो बार फिर एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण हुआ। इन दोनों बार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को बनाया गया। अब चूंकि भाजपा बड़े भाई की भूमिका है, तो जदयू से दो डिप्टी सीएम होंगे। पहले चर्चा थी कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार डिप्टी सीएम बनेंगे। लेकिन, वह नहीं माने। इसलिए जदयू ने भूमिहार जाति से आने वाले विजय चौधरी और यादव जाति से आने वाले बिजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम बनाने का फैसला लिया। दोनों नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिने जाने हैं।

