एक दिन पहले यानी शुक्रवार को लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिर गया। दो तिहाई बहुमत न मिलने की वजह से केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पास नहीं करवा पाई है। पिछले 12 सालों में ऐसा पहली बार हुआ है, जब मोदी सरकार का कोई बिल वोटिंग के बाद संसद में गिर गया है। देश में महिला आरक्षण बिल पर जारी बहस के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे।
सबकी नजर पीएम मोदी के संबोधन पर
प्रधानमंत्री के इस संबोधन का सीधा प्रसारण टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। अब सबकी नजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज रात के संबोधन पर है। माना जा रहा है कि वे देश को महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर सरकार का रुख और आगे की रणनीति के बारे में जानकारी दे सकते हैं।
कैबिनेट मीटिंग में विपक्ष के रवैये पर नाराज दिखे पीएम
पीएम मोदी ने शनिवार सुबह कैबिनेट मीटिंग में विपक्ष के रवैये पर नाराजगी जताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष को इस फैसले पर ‘जिंदगी भर पछताना पड़ेगा। कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का समर्थन न करके विपक्ष ने गलती की है। अब उनको भुगतना पड़ेगा। पीएम मोदी ने इस बात को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही है।
विपक्षी पार्टियां दिखीं एकजुट
बता दें कि एक दिन पहले ही लोकसभा में विपक्ष के विरोध के बाद महिला आरक्षण को लेकर लाया गया बिल गिर गया था। तब विपक्षी पार्टियों ने मिलकर इस बिल का विरोध किया था। इस दौरान संसद में हंगामे की स्थिति भी देखने को मिली थी। विपक्ष ने आरोप लगाया था कि सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल के दौरान परिसीमन का खेल खेलना चाहती है। इससे दक्षिण भारत के राज्यों का प्रतिनिधित्व कम हो जाएगा।
बीते साल 21 सितंबर को किया था राष्ट्र को संबोधित
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 सितंबर 2025 को शाम 5 बजे देश को संबोधित किया था। उस दौरान उन्होंने कहा था कि नवरात्र के पहले दिन से ‘नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स’ की शुरुआत होगी और ‘जीएसटी बचत महोत्सव’ की भी शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया था कि इस पहल से आम लोगों की बचत बढ़ेगी और रोजमर्रा की चीजें पहले से ज्यादा सस्ती और आसानी से उपलब्ध होंगी।

