डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब धौबी मोड़ के पास चार किशोरों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पुरानी रंजिश और कथित तौर पर एक लड़की से जुड़े विवाद को लेकर हुए इस हमले में दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बाइक से पीछा कर बीच सड़क पर घेरा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो बाइकों पर सवार चार किशोरों के बीच फिल्मी अंदाज में पीछा शुरू हुआ। एक बाइक पर सवार दो हमलावर किशोरों ने दूसरी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। जैसे ही शिकार बने किशोर अपनी जान बचाकर भागने लगे, हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार (चापड़) से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।
हमले के बाद इलाके में दहशत
इस खूनी संघर्ष को देख बीच सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हमले की क्रूरता देख राहगीरों में भगदड़ मच गई। एक किशोर की पीठ पर गहरे जख्म आए हैं। वहीं दूसरे किशोर के कान के पास चापड़ लगने से गहरा कट लगा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
क्या है विवाद की असली वजह?
शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों की मानें तो यह पूरा मामला लड़की से जुड़े विवाद का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार दोनों गुटों के बीच पिछले कुछ दिनों से तनाव चल रहा था। सोशल मीडिया या स्कूल, कोचिंग के स्तर पर पहले भी बहस हुई थी। मंगलवार को यह तनाव हिंसक संघर्ष में बदल गया। टेल्को थाना पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल सभी लड़के नाबालिग प्रतीत हो रहे हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

