पहलगाम आतंकी हमले को एक साल पूरा हो गया है। पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद किया है। साथ ही उन्होंने आतंकवाद को लेकर एक बार फिर कड़ा संदेश दिया है।
उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने पहलगाम अटैक की पहली बरसी पर लिखा, ‘पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को हम याद कर रहे हैं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। मेरी संवेदनाएं उन शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं, जो इस अपार क्षति का सामना कर रहे हैं।
आतंकियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि एक राष्ट्र के रूप में हम इस दुख और संकल्प की घड़ी में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
जब पहलगाम में धर्म पूछकर मारी गई गोलियां
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर लोकप्रिय बैसरन घाटी में 22 अप्रैल 2025 को दोपहर करीब 2.30 बजे आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इसमें 26 लोगों की मौत हुई थी। सभी आतंकी सेना की वर्दी में आए थे। इस हमले में जिंदा बचे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आतंकियों ने पर्यटकों से पहले उनका धर्म पूछा, परिचय पत्र देखे और फिर हिंदू कहकर गोली मार दी। 26 मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे। फरवरी, 2019 में पुलवामा में हुए हमले के बाद से जम्मू-कश्मीर में यह सबसे बड़ा आतंकी हमला रहा।
भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से लिया बदला
हमले के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाया और ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान में छिपे आतंकियों के नौ ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। इसके बाद भी सेना का अभियान जारी रहा। सबसे बड़ी सफलता 28 जुलाई 2025 को मिली जब ऑपरेशन महादेव के तहत सेना ने उन आतंकियों को ढूंढकर मार गिराया, जो इस हमले के जिम्मेदार थे।

