धनबाद: झारखंड के धनबाद में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुभम यादव और मनीष सिंह पर हुई गोलीबारी की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि एक बार फिर दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आ गई। बरोरा थाना क्षेत्र के माथाबांध में रविन्द्र चौहान नामक युवक को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
जानकारी के अनुसार, पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन अपराधी चार बाइक पर सवार होकर पहुंचे और बिना कुछ सोचे-समझे फायरिंग शुरू कर दी। करीब 8 राउंड गोलियां चलाई गईं। गनीमत रही कि रविन्द्र चौहान बाल-बाल बच गया, हालांकि एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई। जान बचाने के लिए वह किसी तरह मौके से भागने में सफल रहा।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बरोरा और बाघमारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से तीन खोखा और एक बाइक बरामद की गई है।
घायल को तुरंत बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य है।
पीड़ित रविन्द्र चौहान के मुताबिक, यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है। होली के दौरान हरिणा में उसके साथ मारपीट हुई थी, जिसकी प्राथमिकी बरोरा थाना में दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि उसी केस को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था और इनकार करने पर उस पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित ने यह भी दावा किया कि हमलावरों में कुछ लोगों को वह पहचानता है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पहले की घटनाओं में आरोपियों को समय पर गिरफ्तार कर लिया जाता, तो शायद यह वारदात नहीं होती। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से साफ है कि अपराधियों के मन से पुलिस का डर कम होता जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक धनबाद में इस तरह खुलेआम गोलियां चलती रहेंगी और आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठते रहेंगे।

