बिहार की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके आवास 1-अणे मार्ग पर पहुंचकर मुलाकात की। सम्राट चौधरी के विश्वास मत हासिल करने के बाद नीतीश की उनसे यह पहली मुलाकात रही।
नई सरकार के मंत्रिपरिषद विस्तार पर हुई चर्चा?
राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के साथ 1-अणे मार्ग पर स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। तीनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे एक शिष्टाचार मुलाकात कहा गया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो इस दौरान नई सरकार के मंत्रिपरिषद विस्तार की रूपरेखा पर चर्चा हुई है।
डिप्टी सीएम से भी मिले नीतीश
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को बिहार के उप मुख्यमंत्री और जेडीयू के नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव से भी मुलाकात की। एक ही दिन में नीतीश कुमार का पहले डिप्टी सीएम और फिर सीएम से मिलना इस बात की पुष्टि करता है कि पर्दे के पीछे सरकार के स्वरूप को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बिहार की राजनीति के केंद्र में नीतीश बरकरार
बता दें कि नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद बनने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं, उनकी जगह सम्राट चौधरी ने ले ली है। हालांकि, एनडीए के भीतर नीतीश सक्रिय बने हुए हैं। ये बता रही है कि वे अभी भी बिहार की राजनीति के केंद्र में हैं। राज्यसभा सांसद के तौर पर वे केंद्र और राज्य के बीच एक मजबूत कड़ी का काम कर रहे हैं। यहीं, वजह है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पिछले 10 दिनों में चार बार मुलाकात हो चुकी है।

