ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता लाने की दिशा में सार्वजनिक क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एनटीपीसी एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। कंपनी बिहार में दो नए परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने पर विचार कर रही है। एनटीपीसी की तरफ से बिहार के बांका जिले में 700-700 मेगावाट की दो परमाणु इकाइयां स्थापित करने का प्लान है।
25,000 करोड़ रुपये का होगा निवेश
पटना से करीब 250 किलोमीटर दूर स्थित बांका जिले में दो परमाणु इकाइयों को स्थापित किए जाने का प्लान है। योजना के तहत यहाँ 700-700 मेगावाट क्षमता की दो परमाणु इकाइयां स्थापित की जाएंगी। कुल 1400 मेगावाट क्षमता वाले इस परियोजना पर लगभग 25,000 करोड़ रुपये का निवेश हो सकता है।
1,000 एकड़ भूमि की होगी आवश्यकता
प्रारंभिक आकलनों के अनुसार, इन दोनों परमाणु इकाइयों को स्थापित करने के लिए लगभग 1,000 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। उद्योग के जानकारों के मुताबिक, आमतौर पर एक गीगावाट (1000 मेगावाट) क्षमता वाले परमाणु संयंत्र को तैयार करने में 15,000 से 20,000 करोड़ रुपये तक का खर्च आता है
बिहार सरकार ने दिया पूरे सहयोग का आश्वासन
इस प्रोजेक्ट को लेकर राज्य सरकार का रुख बेहद सकारात्मक है। बिहार सरकार ने परियोजना के लिए पूरा सहयोग और जल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। यह प्रोजेक्ट भारत सरकार और NTPC के भविष्य के ऊर्जा लक्ष्यों का एक अहम हिस्सा है। भारत सरकार ने साल 2047 तक देश में 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने का बड़ा लक्ष्य रखा है।

