धनबाद (निरसा)। चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 9, सोनारडंगाल में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय निवासी सुनील यादव अपने मवेशियों को रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे चराने ले जा रहे थे। इसी दौरान चिरकुंडा–पंचेत मुख्य मार्ग के 3 नंबर चढ़ाई मोड़ के पास 11 केवी बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था।
तार की चपेट में आने से मौके पर ही तीन भैंस की मौत हो गई। वहीं पास से गुजर रहे चासनाला कार्य पर जा रहे एक कर्मी ने किसी तरह अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर जान बचाई, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ 3 नंबर मोड़ के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसी और के तार की चपेट में आने से बचाव के लिए क्षेत्र को बांस-बल्लियों से घेर दिया गया है।
पीड़ित सुनील यादव ने बताया कि वह गरीब परिवार से हैं और उनका जीवन-यापन मवेशियों पर ही निर्भर है। इस हादसे से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
सूचना मिलने के लगभग एक घंटे बाद चिरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित विभाग को जानकारी दी। पुलिस ने पीड़ित को आश्वासन दिया है कि उसे उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं चिरकुंडा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष डब्लू बाउरी ने इस घटना को बिजली विभाग की घोर लापरवाही बताया। एहतियातन पुलिस ने बैरियर लगाकर आवागमन पर रोक लगा दी है। फिलहाल सड़क जाम जारी है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

