पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। 294 सदस्यों वाली विधानसभा में, आज बाकी बची 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।
पीएम मोदी ने मतदाताओं से की रिकॉर्ड मतदान की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदाताओं से खास अपील की है। उन्होंने लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का आग्रह किया। पीएम ने कहा कि भारी मतदान से हमारा लोकतंत्र और अधिक मजबूत बनेगा। उन्होंने विशेष रूप से बंगाल की महिलाओं और युवाओं से बड़ी संख्या में बाहर निकलकर वोट डालने की अपील की है।
क्या बीजेपी भेद पाएंगी टीएमसी का किला?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में बुधवार को 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। ये सभी सीटें दक्षिण बंगाल में हैं जो पिछले 15 साल से तृणमूल कांग्रेस का गढ़ रही है। भाजपा के लिए यह चुनाव करो या मरो वाली स्थिति है। पार्टी ने बंगाल में आज तक कभी सरकार नहीं बनाई। 2021 के चुनाव में दक्षिण बंगाल की 77 में से सिर्फ 18 सीटें जीत पाई थी। इसी वजह से पार्टी ने इस बार दक्षिण बंगाल में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई राज्यों के मुख्यमंत्री यहां प्रचार में उतरे।
कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में के दूसरे चरण में कई हाई-प्रोफाइल और दिग्गज नेता चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से लेकर विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और माकपा नेता बिकास रंजन भट्टाचार्य तक के नाम शामिल हैं। इसके अलावा रूपा गांगुली, भाजपा के प्रभावशाली नेता अर्जुन सिंह, स्वपन दासगुप्ता, राज चक्रवर्ती, सायंतिका बनर्जी जैसे चेहरों की प्रतिष्ठा दांव पर है।

