तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर मतदान आज, बांकीपुर पर सबसे अधिक नजरें

KK Sagar
2 Min Read

देश के तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर गुरुवार (30 जुलाई) को उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। बिहार की बांकीपुर, गुजरात की मंजलपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। तीनों सीटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ स्थानीय पुलिस भी तैनात है।

सबसे अधिक चर्चा बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट की है, जो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और करीब 3.79 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है।

गुजरात की मंजलपुर सीट भाजपा विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी। यहां भाजपा ने सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा है। वहीं मध्य प्रदेश की दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच सीधा मुकाबला है।

तीनों सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। राजनीतिक दलों की नजर अब मतदान प्रतिशत और उसके बाद आने वाले नतीजों पर टिकी हुई है, क्योंकि इन उपचुनावों को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....