50 साल का इंतजार खत्म: जयपुर के शिवाजी नगर में बनी सड़क, लोगों को बड़ी राहत

KK Sagar
2 Min Read

अतिक्रमण हटाकर पहली बार बनी सीसी रोड और सीवरेज लाइन, विधायक ने किया लोकार्पण

जयपुर। शहर के शिवाजी नगर इलाके में करीब 50 वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य आखिरकार पूरा हो गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। 22 गोदाम पुलिया के नीचे अतिक्रमण हटवाकर पहली बार यहां सीसी सड़क और सीवरेज लाइन का निर्माण कराया गया।

गुरुवार देर शाम विधायक गोपाल शर्मा ने इस महत्वपूर्ण परियोजना का लोकार्पण किया। इस मौके पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। शिवाजी नगर विकास समिति और स्थानीय नागरिकों ने वर्षों पुरानी समस्या के समाधान पर विधायक का सामूहिक अभिनंदन कर आभार जताया।

विधायक गोपाल शर्मा के प्रयासों से न सिर्फ सड़क और सीवरेज लाइन का निर्माण हुआ, बल्कि क्षेत्र से भूमाफियाओं को भी बेदखल किया गया। इससे लोगों में सरकार के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि करीब 50 लाख रुपये की लागत से पूरा हुआ यह कार्य लोकतंत्र में जनता की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चले आ रहे अतिक्रमण को हटाकर सड़क निर्माण करना जनहित में एक बड़ा कदम है, जिससे अब आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

🏢 सामुदायिक भवन को भी मिली नई सौगात

इस अवसर पर शिवाजी नगर सामुदायिक भवन में विधायक कोष से 15 लाख रुपये की लागत से हुए नव निर्माण और नवीनीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। साथ ही विधायक ने भवन के आगे के विकास के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, मातृशक्ति, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक कार्य पर खुशी जाहिर की।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....