रामगढ़ नगर परिषद पर भ्रष्टाचार के आरोप: सिटी मैनेजर को हटाने और उच्चस्तरीय जांच की मांग

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़। नगर परिषद रामगढ़ में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर मामला गरमा गया है। समाजसेवी रवि कुमार के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उपायुक्त ऋतुराज से मुलाकात कर ‘जनता दरबार’ में विस्तृत मांग पत्र सौंपा। इसमें नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कई अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों ने सिटी मैनेजर प्रेम प्रकाश पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने और उनके कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तकनीकी नियमों की अनदेखी की जा रही है। साथ ही बिना किसी विज्ञापन या चयन प्रक्रिया के बैकडोर से अवैध नियुक्तियां किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

इसके अलावा, मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में अनावश्यक होल्डिंग रसीद की मांग और होल्डिंग टैक्स में मनमानी बढ़ोतरी को लेकर भी लोगों में आक्रोश है।

मौके पर रवि कुमार ने कहा कि नगर परिषद में अधिकारियों का वर्चस्व बढ़ गया है और आम जनता को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार दौड़ाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान धर्मवीर महतो, कमलनाथ महतो, शन्नी कुमार, राहुल कुमार, वीरू कुमार, प्रेम कुमार, सत्यपाल महतो सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....