बेगूसराय के एक स्कूल में दर्दनाक हादसा, क्लासरूम में सरिया गिरने से 8वीं के छात्र की मौत

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के बेगूसराय में एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक सरकारी स्कूल में ग्रिल के नीचे दबने से एक छात्र की मौत घटनास्थल पर हो गई। स्कूल में हुई छात्र की मौत से लोग आक्रोशित हो गए और जमकर हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ ने शिक्षकों को बंधक तक बना लिया।

आठवीं कक्षा के छात्र की मौत

घटना बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय जहानपुर की है। बुधवार की सुबह एक छात्र की मौत विद्यालय की की कक्षा में लोहे की सरिया गिरने से हो गई। मृतक की पहचान जहानपुर निवासी फूलो यादव के 13 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार के रूप में हुई है जो इसी विद्यालय में आठवीं कक्षा का छात्र था।

शिक्षकों के साथ मारपीट कर बनाया बंधक

घटना के बाद ग्रामीण आक्रोश में आ गए और विद्यालय के प्रधानाध्यापक और एक शिक्षक को बंधक बना लिया और विद्यालय में तोड़फोड़ करने लगे। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने प्रिंसिपल के साथ मारपीट कर कमरे में भी बंद किया। इसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण आक्रोशित होकर पुलिस वाहन को घेर कर हंगामा करने लगे। इसके बाद हालत बिगड़ने लगी तो बछवाड़ा थाना पुलिस के अलावा मंसूरचक थाना, भगवानपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाया।

हादसे के पीछे किसकी लापरवाही

जानकारी के अनुसार विद्यालय में अलग एक भवन का निर्माण चल रहा है। इस भवन में ग्रिल लगाने के लिए सरिया लाया गया था। जिसे आठवीं क्लास के रूम में रख दिया गया था। बताया जाता है कि इसी दौरान छात्र कक्षा में पहुंचा था और खेलकूद के दौरान ग्रिल छात्र के शरीर पर गिर गया, जिससे दबकर उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

Share This Article