चिटाहीधाम में चल रहा था कोयले का काला कारोबार, CISF-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने माफियाओं के मनसूबों पर फेरा पानी

KK Sagar
2 Min Read

बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। बरोरा प्रबंधन, सीआईएसएफ और बरोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने चिटाहीधाम स्थित 4ए पैच में छापेमारी अभियान चलाकर लगभग 18 टन अवैध कोयला जब्त किया। कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया और अवैध कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। जब्त किए गए कोयले को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

अवैध मुहानों की भराई

छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध रूप से खोदे गए कई मुहानों और सुरंगों को चिन्हित किया। इसके बाद पोकलेन मशीन की मदद से सभी मुहानों की पूरी तरह भराई कर दी गई, ताकि भविष्य में यहां दोबारा अवैध उत्खनन न हो सके। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।

सिंडिकेट में मचा हड़कंप

प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अवैध कोयला सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उन लोगों की पहचान करने में जुटी हैं जो इस अवैध कारोबार के पीछे सक्रिय हैं। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बलों की मुस्तैदी से एक बड़ी कोयला चोरी की योजना को विफल कर दिया गया।

जांच में जुटी पुलिस

स्थानीय पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....