ट्रेनों की लेटलतीफी पर आर-पार की जंग: अब कोलकाता में रेल GM का घेराव करेगी संघर्ष समिति, सरयू राय ने संभाली कमान

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: टाटानगर और आसपास के रेल यात्रियों के लिए ट्रेनों की लेटलतीफी अब बर्दाश्त से बाहर हो गई है। इसे लेकर आंदोलनरत रेल यात्री संघर्ष समिति ने अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। समिति ने निर्णय लिया है कि अब केवल स्थानीय स्तर पर प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि सीधे दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक से कोलकाता जाकर जवाब मांगा जाएगा। विधायक सरयू राय की मौजूदगी में हुई इस अहम बैठक में आंदोलन को निर्णायक मोड़ देने की रणनीति तैयार की गई।

आंदोलन का पूरा शेड्यूल: कब, कहां होगा प्रदर्शन?
बैठक में तय किया गया कि जनता की आवाज बुलंद करने के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में हस्ताक्षर अभियान और प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए विशेष संयोजक समितियां बनाई गई हैं।

17 मई: साकची में हस्ताक्षर अभियान।

18 मई: बर्मामाइंस में प्रदर्शन।

19 मई: मानगो में एकजुटता रैली।

24 मई: घाटशिला में बड़ा प्रदर्शन और अभियान का समापन।

कोलकाता कूच की तैयारी
समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने बताया कि 24 मई को घाटशिला में आखिरी प्रदर्शन के बाद आंदोलन का अगला चरण शुरू होगा। समिति का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल कोलकाता स्थित गार्डन रीच (रेलवे मुख्यालय) जाएगा। वहां महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर ट्रेनों के समय पालन और यात्रियों को हो रही परेशानियों का स्थायी समाधान मांगा जाएगा।

बैठक में ये रहे मौजूद
न्यू केबुल टाउन स्थित कार्यालय में हुई इस बैठक में विधायक सरयू राय के अलावा कन्हैया सिंह, अजय सिन्हा, अजय कुमार, नीरज सिंह, सतीश सिंह, अमित शर्मा, पप्पू राव, शमशाद, कंचन डे, मनोज सिंह, राजा अग्रवाल, अनी परिहार और श्रीदेव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share This Article