नीट परीक्षा कैंसिल, गेस पेपर के 410 में से 120 सवाल परीक्षा में आए थे, CBI करेगी पेपर लीक की जांच

Neelam
By Neelam
3 Min Read

नीट यूजी परीक्षा यानी 2026 परीक्षा रद्द हो गई है। नीट परीक्षा आयोजित कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने एक बयान जारी कर बताया कि केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद नीट यूजी 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया गया है। यह परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी। हालांकि पेपर लीक की आशंका के चलते यह सवालों के घेरे में आ गई थी।

पेपर लीक के आरोपों के बीच एक्शन

पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोपों के बीच यह बड़ा एक्शन हुआ है।राजस्थान में कई छात्रों के पास हाथ से लिखा हुआ एक कथित गेस पेपर मिला, जिसके सवाल वास्तविक परीक्षा के प्रश्नों से मेल खाते बताए गए। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद 10 मई को राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए देहरादून, सीकर और झुंझुनू से 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में सीकर के एक कोचिंग संस्थान से जुड़ा एक करियर काउंसलर भी शामिल है।

गेस पेपर के 410 में से 120 सवाल परीक्षा में पूछे गए

राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) विशाल बंसल ने कहा था कि जांच फिलहाल उस गेस पेपर पर केंद्रित है, जिसे परीक्षा से पहले छात्रों के बीच बांटे जाने का आरोप है। गेस पेपर में करीब 410 सवाल थे। आरोप है कि इनमें से लगभग 120 सवाल केमिस्ट्री में पूछे गए। बताया जा रहा है कि यह गेस पेपर परीक्षा से काफी पहले छात्रों के बीच बंट रहा था। यह 15 दिन से लेकर एक महीने पहले तक छात्रों तक पहुंच चुका था। हमारी जांच इसी गेस पेपर के आधार पर आगे बढ़ रही है।

पेपर लीक की जांच सीबीआई करेगी

वहीं, पेपर लीक केस पर जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मामले की व्यापक जांच अब CBI को सौंपी गई है।

अभ्यर्थियों और अभिभावकों के बीच असमंजस

परीक्षा रद्द होने के फैसले के बाद लाखों अभ्यर्थियों और अभिभावकों के बीच चिंता और असमंजस का माहौल बना हुआ है। ऐसे में एनटीए ने नीट यूजी परीक्षा रद्द करने के साथ जरूरी जानकारी भी दी है जिसमें साफ-साफ बताया गया है कि मई 2026 के चक्र में किए गए रजिस्ट्रेशन का डेटा, उम्मीदवारी और चुने गए परीक्षा केंद्र- ये सभी डिटेल्स फिर से आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए भी मान्य रहेंगे। इसके लिए किसी नए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी, और न ही कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा, जो फीस पहले ही जमा की जा चुकी है, वह छात्रों को वापस कर दी जाएगी और परीक्षा एनडीए के अपने संसाधनों का इस्तेमाल करके दोबारा आयोजित की जाएगी।

Share This Article