बिहार में भीषण सड़क हादसा, सारण में ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में 3 की मौत

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार में एक बार फिर रफ्तार ने कहर बरपाया है। सारण में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक साथ तीन लोगों की जान ले ली। जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र में एनएच-531 पर गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।

तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर

गुरुवार की सुबह एनएच-531 पर पूरब सोनिया पुल के समीप सुबह करीब पांच बजे तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार ऑटो चालक समेत तीन लोग छपरा से एकमा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिवान की तरफ से तेज गति में आ रहे ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।

Advertisement

ऑटो के परखच्चे उड़े

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए, जिसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और घायलों को एकमा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। घायलों में से एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं, अन्य दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें छपरा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बाद में दोनों ने दम तोड़ दिया।

ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज

पुलिस ने ट्रक और ऑटो दोनों को जब्त कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही हैं। दाउदपुर पुलिस स्टेशन में लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने के संबंधित धाराओं के तहत ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। इस दुर्घटना के तुरंत बाद से वह फरार है।

Share This Article