धनबाद रेलवे डिवीज़न में गुरुवार 15 मई 2026 को “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” का उत्साह और जागरूकता के साथ शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति हमेशा जागरूक रहने, प्रत्येक वर्ष कम से कम 100 घंटे श्रमदान करने तथा स्वयं, अपने परिवार, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी कहा गया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-सुरक्षित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
अभियान के शुभारंभ के मौके पर धनबाद मंडल के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई तथा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

