पूर्णिया में पुलिस टीम पर हमला, थानाध्यक्ष समेत 4 जवान घायल, जानें पूरा मामला

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के पूर्णिया जिले में जमीन विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस दौरान पुलिस निशाने पर आ गई। यहां जमीन विवाद का मामला सुलझाने गई पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस घटना में थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, पुलिस के वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।

पुलिस वाहनों को निशाना बनाकर तोड़फोड़

जानकारी के अनुसार, घटना पूर्णिया जिले के धमदाहा नगर पंचायत अंतर्गत ढोकवा अंडी टोला की है। जमीन विवाद को लेकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान अचानक लोग उग्र हो गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस वाहनों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी जख्मी

इस हिंसक झड़प में थानाध्यक्ष, एक पुलिस अवर निरीक्षक और दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

क्या है विवाद की वजह ?

यह पूरा विवाद जमीन के स्वामित्व और बटाईदारी को लेकर बताया जा रहा है। आदिवासी समुदाय के लोग पिछले 40 से 50 वर्षों से भोला प्रसाद सिंह की जमीन पर खेती करते आ रहे थे। इस जमीन की रसीद और लगान का भुगतान भी भोला प्रसाद सिंह द्वारा ही किया जाता था। विवाद तब शुरू हुआ, जब दूसरे पक्ष के बाबूलाल सोरेन और उनके भाइयों ने वर्ष 2017 में भोला प्रसाद सिंह की करीब साढ़े छह बीघा जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच लगातार विवाद चल रहा था और दूसरा पक्ष पहले पक्ष को जमीन जोतने से रोक रहा था।

Share This Article