चलती राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

KK Sagar
2 Min Read

रतलाम के पास B-1 कोच धू-धू कर जला, 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

Trivandrum–Nizamuddin Rajdhani Express में रविवार सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा मध्य प्रदेश के Ratlam जिले में आलोट और लूणीरिच्छा स्टेशन के बीच हुआ। ट्रेन त्रिवेंद्रम से नई दिल्ली जा रही थी, तभी उसके B-1 कोच से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और दमकल विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई। समय रहते सभी यात्रियों को कोच से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि B-1 कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि इस कोच में करीब 68 यात्री सवार थे।

रेलवे कंट्रोल रूम को सुबह करीब 5:20 बजे कोटा कंट्रोल से आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद Indian Railways ने तुरंत एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART/ARME) और टावर वैगन को घटनास्थल के लिए रवाना किया। रतलाम मंडल के डीआरएम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

सीनियर डीसीएम सौरभ जैन के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि ट्रेन के गार्ड ने सबसे पहले आग की सूचना दी, जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया। आग की वजह से रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। Mumbai Central–Jaipur Superfast Express को महिदपुर रोड स्टेशन पर रोकना पड़ा।

रेलवे प्रशासन ने B-1 कोच के यात्रियों के लिए नाश्ते और वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की है। यात्रियों को दूसरे कोचों में समायोजित कर कोटा तक लाया जा रहा है, जहां एक अतिरिक्त कोच जोड़कर उन्हें आगे रवाना किया जाएगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....