जाम से मिलेगी मुक्ति, उपायुक्त ने मानगो ओवरब्रिज निर्माण का लिया जायजा, दिए कड़े निर्देश

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा मानगो में निर्माणाधीन ओवरब्रिज परियोजना का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति, तकनीकी पहलुओं और समय-सीमा के अनुरूप कार्य निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की। उपायुक्त ने संबंधित कार्यकारी एजेंसी और अभियंताओं से निर्माण की अब तक की प्रगति, उपयोग में लाई जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, यातायात प्रबंधन की व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्य की गति को और अधिक तेज करने, निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कहा कि मानगो ओवरब्रिज क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसके पूरा होने से शहर में यातायात दबाव में उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आमजन को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए यातायात डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण स्थल पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही कार्य संपादित करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय, डीटीओ धनंजय और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share This Article