‘बाप-बेटे को डॉक्टर की जरूरत’, निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्रालय मिलने पर आनंद मोहन हमलावर

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की राजनीति में इन दिनों आनंद मोहन सुर्खियों में हैं। एक बार फिर पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन के बयान ने हलचल मचा दी है। पहले आनंद मोहन ने जनता दल यूनाइडेट (जेडीयू) पर थैली की राजनीति का आरोप लगाया और अब नीतीश कुमार और निशांत कुमार को लेकर तीखे बोल बोले हैं। इतना ही नहीं उन्होंने जदयू के भीतर टिकटों और मंत्री पदों की खरीद-फरोख्त का गंभीर आरोप लगाया है।

बाप-बेटे को डॉक्टर की जरूरत – आनंद मोहन

आनंद मोहन ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने पर कहा, “बाप-बेटे को डॉक्टर की जरूरत है, इसीलिए स्वास्थ्य मंत्रालय दिया गया है।“

टिकट और मंत्री पद की खरीद-फरोख्त का आरोप

आनंद मोहन यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा, “पार्टी में धड़ल्ले से टिकटें बेची गईं और सिर्फ टिकटें ही नहीं बिकीं, बल्कि करोड़ों रुपये की थैलियां लेकर मंत्री पद भी बेचे गए हैं। किसने बेचा? ये हमसे बेहतर सरफूद्दीन साहब जानते हैं, जिनके बयान टिकट कटने के वक्त सबने पढ़े थे।“

परिवारवाद पर भी साधा निशाना

आनंद मोहन ने कहा कि जो लोग परिवारवाद के खिलाफ सबसे ज्यादा बयान देते हैं, वही अपने परिवार के लोगों को टिकट दिला रहे हैं। उन्होंने डुमराव सीट का जिक्र करते हुए कहा कि “परिवारवाद पर हल्ला मचाने वालों ने अपने ही भाई को टिकट दिया।”

आनंद मोहन ने किसे बताया चंडाल चौकड़ी?

आनंद मोहन ने जदयू के शीर्ष नेतृत्व को घेरते हुए कहा, “यह तीन तिलंगे नहीं, बल्कि चंडाल चौकड़ी है, जिसने आज समता दल की विरासत पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। मैं जनता दल यूनाइटेड के साथियों को यह बताने आया हूं कि यह नीतीश कुमार का सफाया नहीं है, बल्कि पिछड़ों के राज का सफाया है।”

जेडीयू ने किया पलटवार

आनंद मोहन के बयान के बाद जेडीयू नेताओं ने खुलकर जवाब दिया। एमएलसी संजय सिंह ने कहा कि ऐसा बयान कोई मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति ही दे सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जेडीयू ने लवली आनंद और चेतन आनंद को टिकट दिया था, तब क्या वे “थैली” लेकर आए थे। जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने भी कहा कि आनंद मोहन खुद पार्टी में नहीं हैं, फिर पार्टी नेतृत्व पर टिप्पणी करने का क्या मतलब है। उन्होंने कहा कि लवली आनंद और चेतन आनंद ने तो ऐसा कोई बयान नहीं दिया।

Share This Article