धनबाद – बैंक से लौट रहे व्यक्ति को अगवा कर लूट की कोशिश, लोगों की सतर्कता से दबोचे गए दो आरोपी

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद में मंगलवार सुबह छिनतई और अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया। सदर थाना क्षेत्र के बिस्तीपाड़ा निवासी राजेश हांडी बैंक से पैसे निकालकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनकी जेब में रखे करीब 10 हजार रुपये निकाल लिए और कुछ दूरी पर ले जाकर उन्हें गाड़ी से उतार दिया।

घटना के दौरान राजेश हांडी के शोर मचाने और स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण दोनों आरोपी ज्यादा दूर नहीं भाग सके। आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर घेराबंदी कर दी। बाद में सूचना मिलने पर पहुंची धनबाद पुलिस को दोनों आरोपियों को सौंप दिया गया।

बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों युवक कतरास क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर सदर थाना पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं पीड़ित राजेश हांडी ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है।

घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बदमाश आसानी से फरार हो सकते थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....