बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार बनने के बाद से अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ लगातार जारी है। इसी कड़ी में समस्तीपुर पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार का हाफ एनकाउंटर कर दिया। यह मुठभेड़ समस्तीपुर जिले के होशियारपुर थाना क्षेत्र में हुई है।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कई लूट और छिनतई की वारदातों में शामिल प्रिंस कुमार अपने साथियों के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी शुरू की। खुद को घिरता देख अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
कई अपराधिक वारदातों में वांछित है प्रिंस
पकड़ा गया अभियुक्त प्रिंस कुमार पर कई अपराधिक वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी प्रिंस कुछ दिनों पहले उजियारपुर सराय रंजन और कल्याणपुर थाना इलाके में सीएसपी लूट और सड़क पर खुलेआम छिनतई के मामलों में शामिल था। कुछ अन्य मामलों में भी वह वांछित था।
तीन दिन के अंदर चौथा एनकाउंटर
बता दें कि बिहार में तीन दिन के अंदर यह चौथा एनकाउंटर हुआ है। इससे पहले पटना में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दिन अहले सुबह गोपालपुर के उदयनी गांव के पास मुठभेड़ में कैश वैन से 27 लाख लूटने वाले अपराधी नीतीश कुमार के पैर में गोली लगी थी। सोमवार को पटना और सिवान में पुलिस के साथ अपराधियों की मुठभेड़ हुई थी, जिसमें दो अपराधी पुलिस की गोली लगने से लंगड़े हो गए थे।

