डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। जिला उपायुक्त के सख्त निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने एक साथ कई इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर शराब माफियाओं की कमर तोड़ दी है। गुवा, मंझारी, चक्रधरपुर और झींकपानी थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस महाअभियान में कुल 9 केस दर्ज किए गए हैं। मौके से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस को चकमा देकर भागे 5 फरार आरोपियों के खिलाफ भी मुकदमा ठोक दिया गया है।

झींकपानी में ऑपरेशन महुआ: धू-धू कर जलीं 4 भट्ठियां
इस पूरी कार्रवाई में सबसे बड़ा एक्शन झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में देखने को मिला। यहां धड़ल्ले से चल रहे अवैध चुलाई शराब के साम्राज्य को उत्पाद विभाग ने तहस-नहस कर दिया। 4 अवैध भट्ठियों को मौके पर ही जमींदोज कर दिया गया। शराब बनाने के लिए रखा गया करीब 1500 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया। 80 लीटर तैयार अवैध चुलाई शराब जब्त की गई। चारों भट्ठी संचालकों को नामजद आरोपी बनाते हुए उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
गुवा और चक्रधरपुर से 4 धंधेबाज गिरफ्तार
प्रशासन की अलग-अलग टीमों ने जिले के अन्य हिस्सों में भी शराब तस्करों को संभलने का मौका नहीं दिया। गुवा (रेलवे कॉलोनी व कल्याण नगर) में छापेमारी कर अवैध रूप से विदेशी शराब बेचने के आरोप में 2 लोगों को रंगे हाथ दबोचा गया। इनके पास से 3 लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर बरामद हुई।
चक्रधरपुर (दण्डासाई और बाराकुली) से भी 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 6.5 लीटर बीयर और 5 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
मंझारी में तस्कर फरार, माल जब्त
मंझारी थाना क्षेत्र के मिरुडीह गांव में भी उत्पाद विभाग ने दबिश दी। यहां से 9 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है। हालांकि भनक लगते ही मुख्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वही उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि यह कार्रवाई तो सिर्फ शुरुआत है। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी को जड़ से खत्म करने के लिए यह अभियान आगे और भी आक्रामक रूप से जारी रहेगा।

