देशभर की बड़ी बैंक डकैतियों का बिहार कनेक्शन, STF की जांच में खुलासा

Neelam
By Neelam
4 Min Read

देश के अलग-अलग राज्यों में हुई बड़ी बैंक और सोने-चांदी की लूट की वारदातों के तार बिहार से जुड़ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर लूट या रंगदारी करने वाले गिरोह अब हाई-टेक और संगठित होकर देश के बड़े राज्यों में बैंक और सोने के शोरूम को निशाना बना रहे हैं। गुजरात के सूरत में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में हुई 52 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती के बाद जो खुलासा हुआ है।

मुजफ्फरपुर के कुंदन भगत का नेटवर्क नागालैंड से गुजरात तक

इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात के सूरत स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 52 लाख रुपये की लूट का कनेक्शन जब पटना के बेउर जेल और मुजफ्फरपुर के अपराधी कुंदन भगत से जुड़ा, तब बिहार पुलिस ने इस पूरे पैटर्न को गंभीरता से लेना शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, कुंदन भगत रंगदारी, हथियार तस्करी और संगठित अपराध के कई मामलों में आरोपी है और उसका नेटवर्क नागालैंड से लेकर गुजरात तक फैला हुआ है।

जेल के अंदर से बड़ा ‘खेल

कुंदन भगत अवैध हथियारों की तस्करी और रंगदारी के गंभीर मामलों में पिछले साल नवंबर से पटना की बेउर जेल में बंद है। लेकिन जेल की सलाखों के पीछे से भी उसका सिंडिकेट उतना ही मजबूत है। वह जेल के अंदर से ही नागालैंड से लेकर गुजरात और महाराष्ट्र तक हथियारों की बड़ी खेप सप्लाई कर रहा था और अंतरराज्यीय शूटरों व डकैतों को डिक्टेट कर रहा था।

कई राज्यों में बैंक और ज्वेलरी लूटकांड में बिहार के तार

जांच में सामने आया कि यह कोई अकेला मामला नहीं, बल्कि बिहार से जुड़े अपराधी कई राज्यों में बैंक और ज्वेलरी लूट की बड़ी घटनाओं में सक्रिय हैं। कर्नाटक के मैसूर जिले में स्काई गोल्ड एंड ज्वेलरी शॉप से 8.3 किलोग्राम सोने के आभूषणों की बड़ी डकैती हुई। जांच में बेगूसराय के लोहियानगर से फरार चल रहे एक शातिर अपराधी राजा साहनी और दरभंगा के एक अन्य शूटर को दबोचा गया। इस गैंग के तार बिहार के कुख्यात गैंगस्टर पुल्लू सिंह उर्फ राजीव कुमार सिंह से जुड़े पाए गए, जो देशव्यापी सिंडिकेट चलाता है।

ओडिशा और मध्य प्रदेश तक फैला नेटवर्क

ओडिशा के क्योंझर जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा से बदमाशों ने सरेआम 7.53 किलोग्राम सोना और 4.38 लाख रुपये कैश लूट लिए। ओडिशा पुलिस के इनपुट पर जब बिहार STF ने जाल बिछाया, तो गिरफ्तार किए गए 4 मुख्य डकैतों में से 3 बिहार के ही रहने वाले निकले। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा से 70 लाख रुपये के सोने के जेवरात और 14 लाख रुपये कैश की महा-लूट हुई। इस मामले में भी एमपी पुलिस ने बिहार के चार शातिर अपराधियों को दबोचकर एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया।

अंतरराज्यीय नेटवर्क बनाकर कर रहे काम

STF के स्पेशल ब्रांच प्रमुख कुंदन कृष्णन के अनुसार, आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली, झारखंड के धनबाद और हजारीबाग में इस साल हुई बैंक डकैतियों में भी बिहार से जुड़े अपराधियों की भूमिका की जांच की जा रही है। स्थानीय गैंग अब पुलिस की सख्ती से बचने के लिए अंतरराज्यीय नेटवर्क बनाकर काम कर रहे हैं और बैंक लूट के साथ साइबर अपराध की तरफ भी तेजी से बढ़ रहे हैं।

Share This Article