सुप्रीमो लालू यादव के पोते और तेजस्वी यादव के बेटे इराज लालू यादव का आज पहला जन्मदिन है। बर्थ-डे सेलिब्रेशन में नहीं बल्कि गाजियाबाद में होगा। पूरा कार्यक्रम रागिनी विला में रखा गया है, जो लालू यादव की बेटी रागिनी और दामाद राहुल यादव का घर है। यह खास मौका न केवल एक पारिवारिक उत्सव है, बल्कि ये एक बड़ा सियासी जुटान होने जा रहा है।
कार्यक्रम केवल पारिवारिक नहीं बल्कि राजनीतिक भी
राजद सुप्रीमो लालू यादव के पोते और तेजस्वी यादव के बेटे इराज लालू यादव का आज पहला जन्मदिन मनाया जा रहा है। इराज की बुआ रागिनी इस जन्मदिन की मेजबानी कर रही हैं। लेकिन इस कार्यक्रम का महत्व केवल पारिवारिक नहीं बल्कि राजनीतिक भी है।
विपक्षी नेताओं का जमावड़ा
चर्चा है कि इराज लालू यादव के पहले जन्मदिन के लिए लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने विपक्ष के कई कद्दावर नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है। इनमें राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल जैसे बड़े नाम शामिल हैं। चर्चाएं तो बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आने की भी हैं।
विपक्षी एकजुटता का संदेश देने की कोशिश
माना जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राजद को मिली करारी हार के बाद लालू यादव इस मंच के जरिए विपक्षी एकजुटता का संदेश देना चाहते हैं। बिहार में राजद की चुनाव में हार के बाद ये लालू प्रसाद यादव का सबसे बड़ा समारोह है। इस आयोजन के माध्यम से वे यह दर्शाने का प्रयास कर रहे हैं कि तमाम प्रतिकूलताओं के बावजूद बिहार की राजनीति में उनकी पकड़ और प्रभाव अब भी अक्षुण्ण है।
तेज प्रताप यादव और रोहिणी आचार्य पर टिकी नजर
वहीं सबकी नजरें इस बात पर भी टिकी हैं कि लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल अध्यक्ष तेज प्रताप यादव इस पार्टी में आते हैं या नहीं। वहीं लालू प्रसाद यादव को किडनी देने वाली उनकी सिंगापुर वाली बेटी रोहिणी आचार्य को लेकर भी चर्चा हो रही है। इस भव्य आयोजन में अभी तक उनके आने की कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है। आपको बता दें कि तेज प्रताप यादव पार्टी से निकाले जाने के बाद घर के लोगों से लग रह रहे हैं। वहीं चुनाव में हार के बाद रोहिणी ने खुद पर चप्पल फेंके जाने और बेईज्जती का आरोप लगा मायका छोड़ दिया था।

