हजारीबाग के विक्की सोनी की बरही में हत्या, ब्लैक स्प्लेंडर पर आए बदमाश वारदात के बाद फरार
हजारीबाग। जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित करसो पुल के समीप सोमवार देर रात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हजारीबाग शहर के ओकनी निवासी विक्की सोनी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार विक्की सोनी अपने एक मित्र के साथ हजारीबाग से कोडरमा की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों केदारनाथ यात्रा पर निकलने वाले थे। इसी दौरान बरही स्थित करसो पुल के पास उनकी गाड़ी का टायर अचानक फट गया। दोनों सड़क किनारे वाहन रोककर टायर बदल रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी बीच ब्लैक स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और विक्की सोनी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले के जल्द खुलासे की मांग की है।

