डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट 2026 को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। परीक्षा को पूरी तरह से कदाचार मुक्त, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अभेद्य सुरक्षा खाका तैयार किया है।
जिले में निर्धारित कुल 8 परीक्षा केंद्रों पर करीब 4,200 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए और परीक्षा की संवेदनशीलता को समझते हुए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा के हर पहलू पर बारीकी से चर्चा की गई।
सूत्रों के अनुसार बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई है। सूत्रों के मुताबिक संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सुरक्षा के कड़े इंतजामों के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनुचित गतिविधियों की कोई गुंजाइश न रहे। प्रशासन इस बात पर विशेष ध्यान दे रहा है कि परीक्षा का माहौल पूरी तरह से पारदर्शी हो। उपायुक्त ने सभी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा के सफल संचालन के लिए हरसंभव उपाय करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख मौजूद थे।

