पिता की बीमारी के कारण पार्षद पद और तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा, संजय नोनिया ने छोड़ी जिम्मेदारी

KK Sagar
2 Min Read

आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 58 के पार्षद संजय नोनिया ने अपने पद से इस्तीफा देने के साथ-साथ तृणमूल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी है। धेमोमैन स्थित कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने इसकी औपचारिक घोषणा की।

संजय नोनिया ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार हैं और उनके इलाज व देखभाल के लिए लगातार समय देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वे जनता और अपने वार्ड की जिम्मेदारियों का निर्वहन उस स्तर पर नहीं कर पा रहे थे, जिसकी उनसे अपेक्षा की जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पार्षद पद और पार्टी की सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया।

उन्होंने जानकारी दी कि अपने त्यागपत्र की प्रतियां संबंधित पार्टी नेतृत्व और नगर निगम अधिकारियों को सौंप दी गई हैं। इस अवसर पर उन्होंने वार्डवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता द्वारा दिया गया स्नेह, सहयोग और विश्वास उनके जीवन की अमूल्य पूंजी रहेगा।

संजय नोनिया के इस फैसले ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा को जन्म दे दिया है। राज्य के बदलते राजनीतिक माहौल के बीच उनके इस्तीफे को विभिन्न नजरियों से देखा जा रहा है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका निर्णय पूरी तरह पारिवारिक कारणों और पिता की स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिया गया है।

स्थानीय राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वार्ड संख्या 58 में अब आगे की राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक रणनीति पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....