बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर नीतीश-भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पूछा है कि क्या बिहार दिवालिया होने के कगार पर है? क्या डबल इंजन सरकार की पूंजीपरस्त नीतियों और जनविरोधी निर्णयों से वित्तीय आपातकाल की स्थिति उत्पन्न होने वाली है?
आकस्मिकता निधि से पेंशन भुगतान पर उठाए सवाल
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने सरकार पर निशाना साधा और बिहार के मौजूदा हालात को वित्तीय आपातकाल जैसा करार दिया। उन्होंने कैबिनेट के हालिया फैसले का हवाला देते हुए दावा किया कि बिहार का वित्तीय संकट इतना गंभीर हो चुका है कि कल बिहार कैबिनेट ने मई, जून और जुलाई 2026 की सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने के लिए बिहार आकस्मिकता निधि से 3,662 करोड़ रुपए निकालने की स्वीकृति प्रदान की है।
फंड की कमी का दावा
तेजस्वी ने याद दिलाया कि इस निधि का उपयोग केवल किसी अप्रत्याशित संकट, प्राकृतिक आपदा या विशेष वित्तीय विपत्ति के समय ही किया जाता है। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि, पिछले कई महीनों से कर्मचारियों के वेतन और पेंशन भुगतान में देरी हो रही है। ठेकेदारों का भुगतान लंबित है, कई स्वीकृत विकास योजनाओं पर काम शुरू नहीं हुआ है और छात्रवृत्ति व स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाएं भी प्रभावित हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि फंड की कमी के कारण बिहार राज्य फसल सहायता योजना को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
तेजस्वी ने पूछा- आकस्मिकता निधि से पेंशन बांटने की नौबत क्यों आई?
सरकार पर हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव ने सवाल किया है कि नियमित बजटीय प्रावधानों के बजाय आकस्मिकता निधि से 3,662 करोड़ रुपये निकालकर पेंशन बांटने की नौबत क्यों आई? इस पर मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के शीर्ष नेताओं को गैर-जरूरी मुद्दों को हवा देने के बजाय राज्य की दयनीय वित्तीय स्थिति पर बिहार की जनता के सामने सच रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि नौसिखिए मुख्यमंत्री को गैर जरूरी मुद्दों को हवा देने की बजाय अविलंब प्रदेश की दयनीय वित्तीय स्थिति को लेकर चिंतित, भयभीत और आशंकित बिहारवासियों को संबोधित करना चाहिए।
आज खातों में भेजी जाएगी ₹1100 पेंशन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत राज्य के लाखों लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹1100 मासिक पेंशन की राशि ट्रांसफर करेंगे। इस योजना का लाभ वृद्धजन, दिव्यांग और विधवा पेंशनधारकों को मिलेगा। राज्य सरकार ने हाल ही में हुए कैबिनेट फैसले में प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशन राशि लाभार्थियों के खातों में भेजने का निर्णय लिया है।

