कोलकाता – PWD मंत्री बनते ही विकास कार्यों को दी गति, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

KK Sagar
2 Min Read

कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार में विभागों के पुनर्गठन के बाद बुधवार को राज्य के कैबिनेट मंत्री एवं कुल्टी के विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने नवान्न सचिवालय में लोक निर्माण विभाग (PWD) का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और अभियंताओं के साथ पहली समीक्षा बैठक की, जिसमें राज्य की सड़क, पुल और अन्य सार्वजनिक अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में डॉ. पोद्दार ने अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ विकास कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क और मजबूत आधारभूत संरचना किसी भी राज्य के समग्र विकास की आधारशिला होती है, इसलिए विभाग को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा।

मंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग आम लोगों के जीवन से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है और इसकी कार्यक्षमता बढ़ाकर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने राज्यभर में चल रही परियोजनाओं की नियमित निगरानी और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर डॉ. पोद्दार ने पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित, सुशासन और विकास को केंद्र में रखकर वे पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....