हल्दीपोखर: सरकारी स्कूल में चोरों का तांडव, खिड़की तोड़कर उड़ा ले गए पंखे और नल, नशाखोरों पर शक

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: गर्मी की छुट्टियां खत्म होते ही जहां बच्चे उत्साह के साथ स्कूल लौटे, वहीं पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर स्थित बंगला बोर्ड मध्य विद्यालय से एक बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आई है। छुट्टी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने स्कूल को अपना निशाना बनाया और बच्चों के आराम के लिए लगे दो सीलिंग फैन और पानी के नल चोरी कर लिए। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। मामले की लिखित शिकायत कोवाली थाना में दर्ज करा दी गई है।

नशाखोरों का अड्डा बनता जा रहा है स्कूल परिसर
​स्कूल खुलने के बाद जब प्रधानाध्यापक की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक बुलाई गई, तब इस पूरी वारदात का खुलासा हुआ। बैठक में यह गंभीर बात सामने आई कि स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों और नशाखोरों का आना-जाना बढ़ गया है। चोरी की इस वारदात के बाद स्कूल प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि परिसर में आने-जाने वाले सभी अनावश्यक और अवैध रास्तों को पूरी तरह बंद किया जाएगा, ताकि नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की एंट्री पर लगाम कसी जा सके।

गरीब बच्चों के हक पर डाका बर्दाश्त नहीं-मुखिया
​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया देवी कुमारी भी मौके पर पहुंची। उन्होंने इस चोरी को बेहद शर्मनाक बताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मुखिया देवी कुमारी ने कहा कि इन सरकारी स्कूलों में हमारे क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद बच्चे पढ़ने आते हैं। गर्मियों में उनके पंखे और पानी के नल चोरी करना सीधे तौर पर बच्चों के हक पर डाका डालना है। यह एक गंभीर सामाजिक बीमारी का संकेत है। पुलिस को चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ ऐसी कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए जो दूसरों के लिए नजीर बने।

पुलिस जांच में जुटी
​कोवाली थाना पुलिस को आवेदन सौंपकर चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थानीय नशाखोरों व संदिग्धों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। देखना होगा कि बच्चों के भविष्य और सुविधाओं से खिलवाड़ करने वाले ये शातिर चोर कब तक सलाखों के पीछे पहुंचते हैं।

Share This Article